नागौद राजघराने में पारिवारिक विवाद के दौरान चली गोली, राजपरिवार की बहू गंभीर रूप से घायल | New India Times

मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (म.प्र.) NIT:


सतना जिले के नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को पारिवारिक विवाद उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब बातचीत के दौरान गोली चलने से राजपरिवार की बहू योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

नागौद राजघराने में पारिवारिक विवाद के दौरान चली गोली, राजपरिवार की बहू गंभीर रूप से घायल | New India Times

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा और उनकी पहली पत्नी योगिता सिंह के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के समाधान और बातचीत के उद्देश्य से योगिता सिंह दो दिन पहले अपने भाइयों एवं अन्य परिजनों के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच चल रही चर्चा के दौरान विवाद अचानक बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच गोली चलने की घटना हुई, जिसमें योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल उपचार के लिए सतना ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा स्थित विंध्य मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता सिंह को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है तथा फायरिंग के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना के बाद नागौद राजघराने और आसपास के क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version