मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शाहजहाँपुर शहर के संवेदनशील सैन्य क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब सेना की वर्दी पहनकर खुद को ब्रिगेडियर बताने वाला एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता पाया गया। मौके पर मौजूद सैन्य अधिकारियों और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, युवक शहीद संग्रहालय के पास सेना की वर्दी में कंधों पर स्टार लगाए घूम रहा था। उसकी गतिविधियों और वेशभूषा पर संदेह होने पर सैन्य अधिकारियों ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह अपनी पहचान और पद से संबंधित संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान आर्यन वर्मा पुत्र अनिल कुमार वर्मा, निवासी दुर्गा इंक्लेव, हथौड़ा बुजुर्ग के रूप में हुई है।
यह क्षेत्र सेना, पुलिस और प्रशासन के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों से घिरा हुआ है, ऐसे में फर्जी सैन्य अधिकारी के रूप में घूमने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मामले की जानकारी मिलते ही बरेली से सैन्य इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी मौके के लिए रवाना हो गईं। युवक के मोबाइल फोन, संपर्कों और पिछले रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह केवल दिखावा कर रहा था या इसके पीछे कोई संगठित उद्देश्य भी है।
फिलहाल सेना और प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रारंभिक चरण में है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
