सूदखोरी के दबाव में दो सगे भाई रहस्यमयी ढंग से लापता, परिजनों ने प्रताड़ना का लगाया आरोप | New India Times

संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

सूदखोरी के दबाव में दो सगे भाई रहस्यमयी ढंग से लापता, परिजनों ने प्रताड़ना का लगाया आरोप | New India Times

पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र से दो सगे भाइयों के अचानक लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 04 निवासी हसरत शाह के बेटे शकील शाह (45) और नज़ीर खान (42) बीती 9 जून की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों भाई सूदखोरों के चंगुल में फंसे थे और लगातार मिल रही प्रताड़ना व कर्ज के दबाव के चलते ही लापता हुए हैं।
परिवार के अनुसार, दोनों भाई पहले से ही भारी कर्ज में डूबे हुए थे। पुराने कर्ज को चुकाने के लिए उन्हें और कर्ज लेना पड़ा, जिससे ब्याज का बोझ लगातार बढ़ता गया। इस आर्थिक दबाव के कारण वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
शिकायतकर्ता मोहम्मद हुसैन खान ने बताया कि 9 जून की रात करीब 10 बजे तक दोनों भाई घर पर ही थे, लेकिन इसके बाद वे अचानक कहीं चले गए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। दोनों के मोबाइल फोन भी बंद हैं, जिससे अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों की शिकायत पर अमानगंज थाने में 10 जून को गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण (0062/2026 और 0063/2026) कायम कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
हुलिया इस प्रकार है—
शकील शाह: सांवला रंग, गोल चेहरा, दाढ़ी-मूंछ, काले व हल्के लंबे बाल। अंतिम बार बादामी कुर्ता और नीला लोअर पहने थे।
नज़ीर खान: गेहूंआ रंग, गोल चेहरा, दाढ़ी-मूंछ, काले व हल्के लंबे बाल। अंतिम बार सफेद शर्ट और काला पैंट पहने थे।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोनों भाइयों का जल्द पता लगाया जाए और कर्ज के नाम पर प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version