तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण रायसेन में सामने आया है, जहां एसडीएम मनीष शर्मा की मानवीय पहल ने कैंसर से जूझ रहे एक गरीब युवक के जीवन में नई उम्मीद जगा दी है।
जानकारी के अनुसार, हैदर अत्यंत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखता है। माता-पिता के निधन के बाद वह अकेले ही जीवन संघर्ष कर रहा था। सीमित संसाधनों के कारण वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का उपचार नहीं करा पा रहा था, जिससे उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी।
मामला संज्ञान में आते ही एसडीएम मनीष शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। उनके प्रयासों से हैदर का आयुष्मान कार्ड बनवाया गया, जिससे अब उसे सरकारी योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए हैं, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए।
एसडीएम शर्मा लगातार हैदर की स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस पहल से न केवल हैदर बल्कि उसके शुभचिंतकों में भी राहत और संतोष का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने एसडीएम मनीष शर्मा की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी समाज के लिए प्रेरणा होते हैं, जो अपने कर्तव्यों के साथ मानवता का भी निर्वहन करते हैं।
हैदर के चेहरे पर लौटी मुस्कान प्रशासन की तत्परता और सेवा भावना का सजीव उदाहरण बन गई है।
