संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

स्थानीय द्वारी बस स्टैंड पर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब शराब के नशे में धुत एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमतपुरा निवासी रानू पटेल (पिता रामरतन पटेल) अत्यधिक नशे की हालत में तेज रफ्तार से ट्रैक्टर चला रहा था। द्वारी बस स्टैंड के पास पहुंचते ही उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वहां खड़ी नाजिद बस को पीछे से टक्कर मार दी।
चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक इस कदर नशे में था कि हादसे के बाद वह खुद सीट से उतर भी नहीं पा रहा था। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतारा।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय बस स्टैंड पर कोई भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
