मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारा के बड़ा पनारा में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पीने के पानी के लिए उन्हें निजी बोरवेल पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लोग पानी भरने के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 और वार्ड क्रमांक 2 के निवासी सबसे अधिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि नल-जल मिशन योजना के तहत पानी की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है और लगभग 10 से 12 दिनों में केवल एक बार ही पानी मिलता है। इसके कारण लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करने हेतु इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नल-जल मिशन योजना के तहत पर्याप्त और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में उन्हें पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
