रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

आम आदमी पार्टी (आप) के झाबुआ जिला अध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ के नाम से फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। अज्ञात शातिर व्यक्ति द्वारा उनकी फोटो और नाम का दुरुपयोग कर यह फर्जी आईडी तैयार की गई है।
जानकारी के अनुसार, उक्त फर्जी व्हाट्सएप नंबर 7027255895 से कई लोगों को संदेश भेजकर आर्थिक सहायता के नाम पर धनराशि की मांग की गई। मामले की जानकारी मिलते ही कमलेश सिंगाड़ ने तुरंत झाबुआ पुलिस को सूचना दी और आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।
जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि यह नंबर उनका नहीं है और न ही उन्होंने किसी से व्हाट्सएप के माध्यम से पैसे मांगे हैं। उन्होंने अपने साथियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से अनुरोध किया है कि यदि उनके नाम से कोई भी संदिग्ध कॉल या संदेश प्राप्त हो तो तुरंत इसकी सूचना उन्हें या पुलिस को दें तथा किसी भी स्थिति में पैसे न भेजें।
पुलिस ने भी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध संदेश पर भरोसा न करें और धनराशि भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें।

