घर में छिपाकर रखे थे बाघ के अंग, वन विभाग की जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

घर में छिपाकर रखे थे बाघ के अंग, वन विभाग की जांच में हुआ सनसनीखेज खुलासा | New India Times

तामिया वन परिक्षेत्र के अंतर्गत छिन्दी क्षेत्र में वन्यप्राणी (बाघ) के शिकार एवं उसके शरीर के अंग छिपाकर रखने की सूचना वन विभाग को प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर सर्च वारंट जारी कर वन अमले ने कार्रवाई की।

रेंजर गया प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि वन विभाग की टीम ने आरोपी दिनेश कुमार नेमा के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से बाघ का एक नाखून, दो दांत तथा वन्यप्राणी की हड्डियों के कुछ टुकड़े बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वर्ष 2019 में बाघ के शिकार से संबंधित एक प्रकरण पुलिस विभाग द्वारा दर्ज किया गया था। उस मामले में आरोपी सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद किए गए बाघ के ये अवयव उसी शिकार प्रकरण से संबंधित हैं, जिन्हें वर्ष 2019 से उसके घर में छिपाकर रखा गया था।

आरोपी के बयान एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा आरोपी से आगे भी पूछताछ की जा रही है। वन विभाग को उम्मीद है कि जांच के दौरान अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

जब्त किए गए वन्यजीव अवशेषों की वैज्ञानिक जांच के लिए पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article