रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मेघनगर स्थित साईं मंदिर में श्री साईं बाबा का 26वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

रात्रि में भजन संध्या का भव्य आयोजन
पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री साईं बाबा की प्रतिमा का विभिन्न फलों के रस से भव्य अभिषेक किया गया। इसके पश्चात बाबा का आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। इस विशेष अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे एवं सुगंधित फूलों से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

हवन-पूजन और पूर्णाहुति
सुबह 9 बजे मंदिर परिसर में विशेष यज्ञ (हवन) का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार और आहुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में अर्चित सोनी उपस्थित रहे। हवन की पूर्णाहुति समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन (पप्पू भैया) द्वारा विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई।

भव्य महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
दोपहर 12 बजे श्री साईं बाबा की भव्य महाआरती की गई। महाआरती में समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन (पप्पू भैया) सहित नगर के गणमान्य नागरिकों और सैकड़ों साईं भक्तों ने एक साथ बाबा की आराधना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘ॐ साईं राम’ और ‘साईंनाथ महाराज की जय’ के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।
विशाल महाप्रसादी में 8 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
महाआरती के पश्चात विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया। इस भंडारे में मेघनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 8 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। भोजन प्रसादी का क्रम दोपहर से प्रारंभ होकर देर रात तक निरंतर चलता रहा।
आयोजन समिति एवं साईं भक्तों ने 26वें स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू एवं अनुशासित रहीं, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

