अंकित तिवारी, ब्यूरो चीफ, प्रयागराज (यूपी), NIT:

प्रयागराज जिला के बारा तहसील क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, वन भूमि की सुरक्षा, भूगर्भ जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसान नेता एवं अधिवक्ता राकेश त्रिपाठी ने उपजिलाधिकारी बारा डॉ. गणेश कनौजिया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्षेत्र में पर्यावरणीय नियमों के कथित उल्लंघन, वन भूमि पर अतिक्रमण, हरे पेड़ों की कटाई, भूगर्भ जल के अत्यधिक दोहन तथा पेयजल व्यवस्था की समस्याओं की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जनहित के मामलों में जवाबदेही और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन लगातार बिगड़ रहा है और समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उठाए गए मुद्दों पर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह प्रशासन अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करता है, उसी गंभीरता से पर्यावरण संरक्षण, वन भूमि की सुरक्षा और जल संरक्षण पर भी कदम उठाए जाने चाहिए। अब क्षेत्रवासियों की नजर उपजिलाधिकारी बारा के रुख पर टिकी हुई है।

