महल के कपड़ों के शोरूम में भीषण आग, 7 दमकल गाड़ियों और 38 जवानों ने 8 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू | New India Times

अब्दुल अमील (बाबू भाई), नागपुर (महाराष्ट्र), NIT :

महल के कपड़ों के शोरूम में भीषण आग, 7 दमकल गाड़ियों और 38 जवानों ने 8 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू | New India Times

नागपुर के महल क्षेत्र स्थित एक रेडिमेड कपड़ों के शोरूम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना शिवाजी पुतला के पास स्थित “आशीष एनएक्स” नामक रेडिमेड कपड़ों के शोरूम की है। सुबह करीब 9 बजे शोरूम से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

शोरूम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी एक मंजिल इसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग बुझाने के लिए कुल 38 दमकल जवानों को तैनात किया गया।

शोरूम में घना धुआं भर जाने से दमकल कर्मियों को अंदर प्रवेश करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। जवानों ने धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट ब्लोअर का उपयोग किया, जिससे आग बुझाने के कार्य में सहायता मिली। करीब 7 से 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग से निकला धुआं आसपास की इमारतों तक फैल गया। इसी दौरान पास की एक इमारत में रहने वाली एक वृद्धा धुएं के कारण अंदर फंस गई। वृद्धा के फंसे होने की जानकारी मिलते ही जोहरीपुरा गांधी गेट निवासी अब्दुल अलीम बाबू भाई तुरंत मदद के लिए पहुंचे। धुएं के कारण बाहर निकलने का रास्ता बंद होने पर उन्होंने साहस दिखाते हुए दरवाजा तोड़कर वृद्धा को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते बचाव होने से वृद्धा की जान बच गई।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आग की घटना के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article