अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। चुनार के चौक सराय चार मुहानी स्थित घनी आबादी वाले इलाके में एक बिजली का ट्रांसफार्मर जमीन से महज तीन फीट की ऊंचाई पर लगा हुआ है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।
स्थिति को और अधिक चिंताजनक बनाते हुए ट्रांसफार्मर के पास हाई-वोल्टेज तार भी खुले पड़े हैं, जहां किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। यह इलाका अत्यंत व्यस्त है और दिनभर बच्चों व राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में जरा सी लापरवाही या अनजाने में संपर्क होने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि विभाग की यह अनदेखी कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थापित किया जाए तथा खुले तारों को कवर कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

