मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने ग्राम ईच्छापुर में लगभग 2 करोड़ 3 लाख 71 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं जनसुविधा कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे तथा क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों के लिए श्रीमती चिटनिस का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 1 करोड़ 40 लाख 22 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में पाँच अतिरिक्त कक्ष एवं दो प्रयोगशाला कक्ष निर्माण कार्य (96.33 लाख रुपये), वार्ड क्रमांक 4 में महात्मा ज्योतिबा फुले प्रतिमा के पास डामर सड़क निर्माण कार्य (10.53 लाख रुपये), वार्ड क्रमांक 7 में हनुमान मंदिर के पास आरसीसी सड़क निर्माण कार्य (6.53 लाख रुपये), वार्ड क्रमांक 1 में हवेलीवाला शिव मंदिर के पास आरसीसी सड़क निर्माण कार्य (2.83 लाख रुपये) तथा नागोनी डेम से हनुमान मंदिर होते हुए श्मशान घाट तक पाइपलाइन विस्तार कार्य (24 लाख रुपये) शामिल हैं।
इसके साथ ही 63.49 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें सीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सभा मंडप निर्माण, सौंदर्यीकरण कार्य, आरसीसी शेड निर्माण तथा अन्य जनसुविधा संबंधी कार्य शामिल हैं, जिनसे ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी आदर्श ग्राम की पहचान होती है। उन्होंने कहा कि ईच्छापुर सहित पूरे क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और पूर्व में भी ग्राम को अनेक महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं, जिनसे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है। अब आवश्यकता इस अमूल्य जल को सहेजने और जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की है। इसी उद्देश्य से ग्राम ईच्छापुर में विशेष ‘मिशन टोटी’ अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत लगातार 4 से 5 घंटे तक गांव के प्रत्येक घर का भ्रमण कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझाते हुए अनावश्यक जल व्यय रोकने, नलों में टोटी लगाने तथा जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संदेश दिया गया।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि विकास केवल भवन और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जागरूक समाज निर्माण से ही वास्तविक प्रगति संभव है। आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाने के लिए आज से ही सजग और संवेदनशील बनने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, लक्ष्मण पवार, किशोर पाटिल, विजय पवार, वामन माली, गणेश महाजन, संजय पवार, हाजी हीरे खां, अरुण सूर्यवंशी, आकाश राखुंडे, स्वप्निल पाटिल, दिनकर महाजन, गफ्फार मंसूरी, नितीन महाजन सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने क्षेत्र में निरंतर हो रहे विकास कार्यों, सहज एवं सुलभ जनसेवा तथा निरंतर जनसंपर्क के लिए श्रीमती अर्चना चिटनिस के प्रति विश्वास एवं स्नेह व्यक्त किया।

