मिर्जापुर में दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद, आयकर विभाग को सौंपी गई रकम | New India Times

अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

जिले में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद नकदी की राशि लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर चील्ह थाने लाया गया। थाने में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चार बैगों में रखी नकदी की गिनती कराई गई। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार की निगरानी में बैंक के दो कर्मचारियों ने नोट गिनने की मशीन की सहायता से करीब तीन घंटे तक नकदी की गिनती की।

पुलिस के अनुसार, एक फॉर्च्यूनर वाहन मिर्जापुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम पर पंजीकृत है, जबकि दूसरी बिना नंबर प्लेट की गाड़ी मध्य प्रदेश के सीधी निवासी भारत सिंह की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों कारोबारी वाराणसी से मिर्जापुर की ओर आ रहे थे, तभी चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान गाड़ियों से चार बैगों में रखी भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। नकदी मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान नकदी के संबंध में आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी की जांच की गई।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद नकदी को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। फिलहाल आयकर विभाग मामले की जांच कर रहा है और नकदी के स्रोत तथा उसके उपयोग से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version