मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
सतना जिले की धर्मनगरी चित्रकूट में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राम अवतार पटेल के संबंध में पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति बंद कराने के आरोप सामने आए। बताया जाता है कि अपने सरकारी आवास की बिजली बहाल नहीं होने से नाराज न्यायिक मजिस्ट्रेट रजौला विद्युत सब स्टेशन पहुंचे, जहां कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। घटना के बाद करीब एक घंटे तक सब स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे आए तेज आंधी-तूफान के कारण मझगवां से आने वाले 33 केवी के दो फीडर पूरी तरह बाधित हो गए थे। घने जंगल में फाल्ट होने के कारण मेंटेनेंस टीम को खराबी का पता लगाने और सुधार कार्य में काफी समय लगा। शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे फाल्ट सुधारकर चित्रकूट की मुख्य विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। विभाग के अनुसार देर शाम तक अधिकांश शिकायतों का निराकरण कर दिया गया था, जबकि कुछ व्यक्तिगत शिकायतें शेष थीं, जिनमें न्यायिक मजिस्ट्रेट का आवास भी शामिल बताया गया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:30 बजे न्यायिक मजिस्ट्रेट रजौला सब स्टेशन पहुंचे और अपने आवास की बिजली बहाल न होने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि इसके बाद रजौला एवं प्रमोद वन सब स्टेशन से होने वाली बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान सब स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। इसके बाद मेंटेनेंस स्टाफ ने तत्काल न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास की विद्युत लाइन सुधारने का कार्य शुरू किया।
कस्बे की बिजली दोबारा बंद होने से नाराज उपभोक्ता भी बड़ी संख्या में रजौला सब स्टेशन पहुंच गए। बिजली उपभोक्ताओं ने घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और नाराजगी व्यक्त की। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कनिष्ठ अभियंता प्रवीण वर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाने का पुलिस बल भी सब स्टेशन पहुंच गया। वहीं सतना ग्रामीण के कार्यपालन अभियंता पंकज द्विवेदी भी मामले की जानकारी मिलने के बाद चित्रकूट के लिए रवाना हो गए। अक्रोशित नागरिकों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के विरुद्ध थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। मामले को लेकर प्रशासन एवं विद्युत विभाग के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
