अहमद रज़ा खान, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
मिर्ज़ापुर जिला के चील्ह थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से करोड़ों रुपये से भरे बैग बरामद किए। बरामद नकदी की सटीक गणना के लिए बैंक से मशीन मंगाई गई है और नगर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की निगरानी में नोटों की गिनती जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह गाड़ियां मिर्जापुर के किसी व्यापारी से जुड़ी बताई जा रही हैं। हालांकि, बरामद धनराशि वैध है या अवैध, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पूरी रकम की गणना और दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल चील्ह थाने में नकदी की गिनती जारी है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
