मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

रोजा थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे पेट्रोल पंप संचालित कर नकली डीजल-पेट्रोल बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर रविवार रात ग्राम गुर्री के पास की गई।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि 22 मई को पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार यादव द्वारा ग्राम डींगरपुर के पास संचालित एक अवैध पेट्रोल पंप की डिस्पेंसिंग यूनिट और भूमिगत टैंक को सील किया गया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि शिवराज वर्मा अपने साथियों के साथ फर्जी लाइसेंस के जरिए करीब एक वर्ष से केमिकल मिलाकर नकली डीजल-पेट्रोल बेच रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी लाइसेंस, केमिकल से संबंधित बिल तथा लगभग 10 हजार लीटर संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवराज वर्मा (55) निवासी ग्राम मुड़िया जमा खान थाना निगोही, पवन उर्फ अमन (32) निवासी पिपरिया प्रह्लाद थाना राजा, अशरफ अली (37) निवासी इब्राहिमपुर करियारा थाना मोहम्मदी (खीरी), बबलू उर्फ रॉकी (31) निवासी पिपरिया प्रह्लाद थाना रोजा तथा रामवरन उर्फ वीरेश निवासी मुढ़ा हरिस थाना सिंधौली शामिल हैं। मुख्य आरोपी शिवराज वर्मा पर पहले से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष उमेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवम अग्रवाल, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

