इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT :

बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) के मद्देनज़र भुसावल शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस विभाग की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीवाईएसपी केदार बारबोले, पीआई राहुल वाघ एवं पीआई दमाळे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ईद की नमाज़, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा कुर्बानी स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने शहर में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने और CCTV कैमरों व ड्रोन के माध्यम से नजर रखने की योजना बनाई है। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं, बकरा ईद के अवसर पर भुसावल ईदगाह में 28 जून (गुरुवार) को सुबह 8:00 बजे ईद की नमाज़ अदा की जाएगी। आयोजकों ने सभी नमाज़ियों से समय से पहले ईदगाह पहुंचने का अनुरोध किया है, जिससे नमाज़ और अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
इधर, शहर के उलेमा ने भी लोगों से अपील की है कि कुर्बानी शासन के नियमों और कानून के अनुसार ही करें। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

