अंबेडकरनगर में तमंचे के दम पर डकैती: नकाबपोश बदमाशों ने वकील के घर बोला धावा, लाखों की लूट से दहशत | New India Times

गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

अंबेडकरनगर में तमंचे के दम पर डकैती: नकाबपोश बदमाशों ने वकील के घर बोला धावा, लाखों की लूट से दहशत | New India Times

जिले में कानून व्यवस्था के दावों के बीच एक सनसनीखेज डकैती की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मालीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कजरी नंदपुर में बीती 23 मई की रात हथियारबंद नकाबपोश डकैतों ने वकील प्रदीप चौहान के घर धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि देर रात जब पूरा इलाका गहरी नींद में था, तभी बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस गए। उन्होंने पूरे परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की। डकैतों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती सामान लूट लिया। यहां तक कि घर की महिलाओं के शरीर से जेवर भी छीन लिए गए।
घटना से पहले बदमाशों ने पास ही अनिल सिंह के घर पर भी धावा बोला था। सूचना पर पहुंची पुलिस कुछ देर बाद लौट गई, जिसके तुरंत बाद करीब 300 मीटर दूर दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया गया। इस दौरान पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें बदमाश हथियारों से लैस नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस गश्त को लेकर आक्रोश है। सवाल उठ रहा है कि जब अपराधी इतने बेखौफ हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
सूचना मिलने के घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
इस वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article