गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

जिले में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों पर हमला होने का गंभीर मामला सामने आया है। अकबरपुर और शहजादपुर क्षेत्र में चेकिंग करने गई बिजली विभाग की टीम पर स्थानीय दबंगों ने बीच सड़क हमला कर दिया। इस घटना में दो अवर अभियंताओं (जेई) के साथ मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम शहजादपुर चौक इलाके में लाइन लॉस और अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान एक घर में कथित बिजली चोरी पकड़े जाने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि संबंधित पक्ष ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया, जिसके बाद भीड़ ने उग्र रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अधिकारियों को अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश करनी पड़ी, लेकिन भीड़ ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच सड़क हुई इस घटना के दौरान मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
इस घटना को कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बताया जा रहा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीमों पर इस तरह के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल है।
वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि बिजली विभाग की टीम बिना महिला पुलिसकर्मी के घर के अंदर दाखिल हुई, जहां महिलाएं मौजूद थीं, जिससे विवाद की स्थिति बनी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

