मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव क्षेत्र के खापा स्वामी स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (WCL) के कन्हान स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 14 मई को करीब 100 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के बाद ग्राउंड को गंदगी की हालत में छोड़ दिए जाने से स्थानीय खेल प्रेमियों और युवाओं में नाराज़गी देखने को मिली।
ग्राउंड पर प्रतिदिन सुबह-शाम दौड़, एक्सरसाइज और विभिन्न खेलों की प्रैक्टिस करने आने वाले बच्चों व युवाओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद मैदान की साफ-सफाई नहीं कराई गई। मैदान में फैली गंदगी के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय खेल प्रेमियों ने खुद मोर्चा संभाला और ग्राउंड की साफ-सफाई की। उन्होंने प्रशासन और आयोजकों से मांग की है कि भविष्य में किसी भी कार्यक्रम के बाद मैदान की नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
इस दौरान ग्राउंड प्रेमी बसंत शर्मा, दीपक सोनी, अजीत खान, रंजीत डेहरिया, पवन तिवारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
