साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मीरा-भाईंदर पुलिस ने गोवा में हुई हत्या और लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सागर रमेश राऊल (34 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को आरोपी ने गोवा के बिचोलिम क्षेत्र में एक घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी और वहां से सोने की चेन व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।
घटना के बाद गोवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मीरा-भाईंदर पुलिस की गुन्हे प्रकटीकरण कक्ष-4 टीम ने तकनीकी जानकारी और सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पता लगाया और 20 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.11 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन और मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

