आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा रविवार को आयोजित स्वच्छ भारत अभियान कार्यशाला में युवाओं ने छिंदवाड़ा को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक स्वर में कहा, “न हम गंदगी करेंगे और न किसी को करने देंगे, अपने शहर को स्वच्छता की मिसाल बनाएंगे।”
यह कार्यशाला मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में समाजसेवा स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों के बीच आयोजित की गई। कार्यक्रम कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन तथा जिला समन्वयक अखिलेश जैन और नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत अखिलेश जैन द्वारा स्वच्छता शपथ दिलाकर की गई। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा को स्वच्छ बनाने के लिए शासकीय प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त समाजसेवी विनोद तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता की शुरुआत घर से होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
परामर्शदाता लता नागले ने कहा कि जब इंदौर लगातार देश का सबसे स्वच्छ शहर बन सकता है, तो छिंदवाड़ा भी इस दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने नागरिकों से शहर के साथ-साथ नदियों और तालाबों को भी स्वच्छ रखने का आग्रह किया।
समाजसेवी श्यामल राव ने कहा कि जब तक लोग सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना बंद नहीं करेंगे, तब तक शहर को फाइव स्टार रैंकिंग दिलाना संभव नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में तृप्ति सिंह ने घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने और कचरा वाहन में पृथक रूप से डालने की अपील की। इस दौरान एमएसडब्ल्यू की छात्रा कामिनी कहार ने स्वच्छता गीत प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया। अंत में आशीष साहू ने आभार व्यक्त किया।

