इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

भुसावल शहर के अयान कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एम.आई. तेली स्कूल के पास लगा बिजली ट्रांसफॉर्मर खुले हालात में होने से स्थानीय नागरिकों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। ट्रांसफॉर्मर पर सुरक्षा के लिए दरवाजा नहीं होने के कारण उसके अंदर लगे तार, फ्यूज और अन्य विद्युत उपकरण खुले में दिखाई दे रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थिति को और गंभीर बनाता है कि यह ट्रांसफॉर्मर एक स्कूल के ठीक पास स्थित है, जहां दिनभर विद्यार्थियों की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर के पीछे एक मकान भी है, जहां एक परिवार निवास करता है। ऐसे में बच्चों और स्थानीय रहवासियों की सुरक्षा को लेकर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर के आसपास किसी भी प्रकार की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। खुले तार और उपकरण कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, खासकर छोटे बच्चों के लिए यह बेहद जोखिमपूर्ण स्थिति है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रांसफॉर्मर को तत्काल सुरक्षित किया जाए, उस पर मजबूत दरवाजा लगाया जाए तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
