मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत थाना तामिया क्षेत्र में बेरोजगार युवक-युवतियों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मल्टी टास्क ग्रुप-डी एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती के नाम पर कई युवाओं से धोखाधड़ी की गई।

पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा बताकर स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। करीब 10 बेरोजगार युवाओं से लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये कैश और ऑनलाइन माध्यम से वसूले गए।

लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और फरार हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे वे लगातार परेशान होकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इकरारनामे में आरोपी ने किया उल्लेख
“मैं नीतेश उईके, पिता सियालाल उईके, निवासी ग्राम आमादाना (जैतपुर), पोस्ट सिधौली, तहसील तामिया, जिला छिंदवाड़ा (म.प्र.) का निवासी हूं।
मैं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर पदस्थ हूं। मैंने स्वास्थ्य केंद्रों में मल्टी टास्क वर्कर ग्रुप-डी भर्ती करवाने के नाम पर कुछ लोगों से ऑनलाइन एवं नकद राशि प्राप्त की है, जिसकी कुल रकम 4 लाख 50 हजार रुपये है।
मैंने यह राशि अपनी जिम्मेदारी पर ली थी और लोगों से कहा था कि अप्रैल 2026 तक उनकी भर्ती करवा दूंगा। यदि भर्ती नहीं हो पाई, तो सभी के पैसे वापस कर दूंगा।”

