अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन तहसील बांसी में जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

तहसील बांसी में आयोजित समाधान दिवस के दौरान राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन एवं उपजिलाधिकारी बांसी श्री निखिल चक्रवर्ती द्वारा की गई, जबकि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने की।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया। अवलोकन के बाद उन्होंने तत्काल जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील समाधान दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता एवं विपक्षी, दोनों की उपस्थिति में जांच कर कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को भूमि संपत्ति रजिस्टर तथा भूमि विवाद रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग का तहसील दिवस से संबंधित कोई प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। यदि कोई मामला लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में कुल 48 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 20, पुलिस विभाग के 8, विकास विभाग का 1, पूर्ति विभाग के 8, नगर पालिका का 1, लोक निर्माण विभाग का 1 तथा अन्य विभागों के 9 प्रार्थना पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने मौके पर ही राजस्व विभाग के 4 तथा पूर्ति विभाग के 4 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करा दिया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, तहसीलदार बांसी, तहसील क्षेत्र के समस्त थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

