बिजुरी में डबल मर्डर से दहशत: महिला और युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, इलाके में सनसनी | New India TimesOplus_131072

ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

बिजुरी में डबल मर्डर से दहशत: महिला और युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, इलाके में सनसनी | New India Times

बिजुरी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला और एक युवक के खून से सने शव बरामद हुए। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से दोनों की निर्मम हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय लल्ली बाई गोंड और 26 वर्षीय सुरेंद्र सोनी के रूप में हुई है, जो आपस में पड़ोसी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई।
सड़क पर मिला युवक का शव, घर के भीतर महिला की लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सुरेंद्र सोनी का शव सड़क किनारे पड़ा देखा, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, कुछ दूरी पर स्थित लल्ली बाई के घर के अंदर उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला।
थाना प्रभारी विकास सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात का प्रतीत होता है। दोनों की हत्या कुल्हाड़ी जैसे किसी भारी और धारदार हथियार से की गई है। लल्ली बाई विधवा थीं और घटना के समय घर में अकेली थीं, क्योंकि उनका बेटा ट्रक चलाने बाहर गया हुआ था।
परिजनों में आक्रोश, बाहरी लोगों पर जताया संदेह
मृतक सुरेंद्र सोनी के नाना जगदीश सोनी ने बताया कि रात में सुरेंद्र घर से निकला था और कुछ देर बाद “मार डालो-मार डालो” की आवाजें सुनाई दी थीं। उन्होंने आशंका जताई कि लल्ली बाई के घर में पहले से कुछ लोग मौजूद थे, जिन्होंने सुरेंद्र के पहुंचते ही हमला कर दिया।
इस बीच, सुरेंद्र की बहन नेहा सोनी ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, वे शव नहीं उठाने देंगी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, हर एंगल से जांच जारी
शांत माने जाने वाले बिजुरी नगर में इस दोहरे हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वार्ड पार्षद विमला पटेल ने घटना में बाहरी व्यक्तियों की संलिप्तता की आशंका जताई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल का खुलासा कर लिया जाएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article