मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पुलिस थाना दमुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत नीमढ़ाना में तेज रफ्तार कोयले से भरे डंपर ने पैदल जा रहे एक युवक और महिला को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मृतक का शव कई हिस्सों में बिखर गया। घायल महिला के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक संदीप चौरसिया सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान संदीप भन्नारे (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी पुराना खालसा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक ढाबे में बावर्ची का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक और महिला अलग-अलग शादियों में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक ने घटनास्थल के पास खड़ी बारातियों की तीन गाड़ियों को भी टक्कर मारी।

