मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में नगर निगम क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम, वैकल्पिक पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पार्षदगण, व्यापार मंडल, आरएसडब्ल्यू, किराना एसोसिएशन, कैमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
डीएम ने कहा कि बैठक का उद्देश्य जनजागरूकता के माध्यम से शहर को अतिक्रमण और जाम से मुक्त कराना है। उन्होंने बताया कि 75 करोड़ रुपये की लागत से 109 सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाएगा। बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी तथा बरसात के बाद सभी बिटुमिनस सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। दिवाली तक सभी सड़कों का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
डीएम ने चेतावनी दी कि ग्रिल के आगे सामान रखने वाले दुकानदारों पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, अन्यथा चालान किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था एवं पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। साथ ही जो रिक्शा जिस सड़क पर चलने के लिए निर्धारित किया गया है, वह उसी मार्ग पर संचालित हो।
बैठक में प्राप्त सुझावों पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन भी दिया गया। डीएम ने कहा कि सभी के सहयोग से अगले दो महीनों में शहर को बेहतर और व्यवस्थित बनाया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित सभासद एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

