शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

पीपीगंज क्षेत्र के भगवानपुर स्थित आजाद नगर निवासी अभिषेक मद्धेशिया की पथरी के ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने आनंद लोक हॉस्पिटल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक की एक अप्रैल को ऑपरेशन के बाद मौत हो गई थी। इस घटना से परिजनों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। गोरखपुर सहित महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और बस्ती समेत कई जिलों से लोग न्याय की मांग को लेकर एकजुट हो रहे हैं।
इसी क्रम में पीपीगंज के एक मैरिज हॉल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद पीपीगंज चौराहे तक शोक यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आयुष्मान कार्ड के दुरुपयोग और अवैध वसूली की बात सामने आई है, इसके बावजूद अब तक अस्पताल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाएंगे।
वहीं, पूर्व विधायक प्रत्याशी राहुल गुप्ता ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। अन्य वक्ताओं ने भी सरकार से जल्द न्याय दिलाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
नगर पंचायत पीपीगंज के चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष कुंवर बहादुर शाही, अधिवक्ता रामानंद, शरद मद्धेशिया, राजकुमार मद्धेशिया, घनश्याम मद्धेशिया, मुन्ना मद्धेशिया, श्रवण मद्धेशिया, पवन अग्रहरी, सुरेंद्र यादव, राजीव रंजन चौधरी सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

