मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

नागपुर में महाराष्ट्र सुवर्णकार संस्था एवं मासिक सुवर्णलंकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित देशव्यापी सोनार महोत्सव के दौरान यवतमाल के समाजसेवी लक्ष्मीकांत घनश्याम लोळगे को “महाराष्ट्र सुवर्ण रत्न” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भव्य समारोह में उन्हें मान्यवरों के हाथों शाल, श्रीफल एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
लक्ष्मीकांत लोळगे वर्तमान में सोनार सेवा महासंघ के विदर्भ अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाजहित में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विभिन्न शाखाओं के सोनार समाज को एकजुट कर सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में उनका विशेष योगदान रहा है।
उनके नेतृत्व में यवतमाल जिले में कई सामाजिक उपक्रम संचालित किए गए हैं। इसके साथ ही सोनार समाज भवन के निर्माण में लोकसहभाग तथा शासकीय निधि के समन्वय के जरिए उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
ओबीसी आंदोलन सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय सहभागिता और समाज के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए आयोजन समिति ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित किया।
सम्मान ग्रहण करते हुए लक्ष्मीकांत लोळगे ने इसे पूरे समाज को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी बंधु-भगिनियों के सहयोग से ही उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है, जो उन्हें आगे और अधिक ऊर्जा व प्रेरणा के साथ समाजसेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।
लक्ष्मीकांत लोळगे को मिले इस सम्मान पर समाज के विभिन्न वर्गों से उन्हें बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
