बीकेपी कॉलेज देवरी में ‘परख पुरस्कार वितरण समारोह’ का भव्य आयोजन, 600 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित | New India Times

त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

बीकेपी कॉलेज देवरी में ‘परख पुरस्कार वितरण समारोह’ का भव्य आयोजन, 600 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित | New India Times

पंडित बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय (बीकेपी कॉलेज) देवरी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी परख पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देवरी विधानसभा क्षेत्र सहित केसली एवं आसपास के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के लगभग 600 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि बीकेपी कॉलेज द्वारा पिछले 17 वर्षों से लगातार इस विधानसभा स्तरीय पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जबलपुर श्री राजेश यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) देवरी श्री शुभांक गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान छात्राओं शांभवी पांडे, सांत्वना पांडे एवं खुशी दांगी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा एवं श्रीमती विवेचना मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद छात्राओं ने महाविद्यालय का कुलगान “हम बीकेपी के बच्चे, जग का कल्याण करें” प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की चार छात्राओं—हर्षिता दांगी, जय तिवारी, प्रगति नेमा एवं साक्षी राजपूत—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनका चयन महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर की प्रवीण्य सूची में हुआ था और उन्हें राज्यपाल द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
अतिथियों ने दिया प्रेरक संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए BEO शुभांक गुप्ता ने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के सूत्र बताए। वहीं ‘आस एक उम्मीद’ सामाजिक संस्था के अध्यक्ष संजय बृजपुरिया ने अपने ओजस्वी उद्बोधन से छात्रों का मार्गदर्शन किया।
मुख्य अतिथि राजेश यादव ने बीकेपी कॉलेज के उत्कृष्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही छत के नीचे उपलब्ध है, जिससे छात्रों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में छात्राओं स्वेच्छा पटेल एवं उन्नति खरे ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का संचालन पं. शिवम शर्मा ने प्रभावी ढंग से किया।
प्रतिभाओं का सम्मान
“प्रतिभा आपकी, परख हमारी” ध्येय वाक्य के तहत कक्षा 12वीं में संकायवार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 54 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा परख सामान्य ज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आभार व्यक्त करते हुए डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है और बीकेपी कॉलेज इस दिशा में निरंतर कार्यरत है।
विशेष बॉक्स:-
“गांव-गांव में शिक्षा की अलख हम जगाने वाले हैं,
सदा सहायता को तत्पर, बच्चों के रखवाले हैं।
पढ़े देवरी – बढ़े देवरी, यही हमारी जिम्मेदारी है,
उज्ज्वल भविष्य के संग हम बीकेपी वाले हैं।”

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article