पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:
दिनांक 02.04.2026 को थाना गंधवानी क्षेत्र के काबरवा–पनवा घाटी मार्ग पर मालवीया बस के कंडक्टर फरियादी राहुल पिता खड़कसिंह अचाले निवासी भैंसावाद के साथ अज्ञात आरोपियों द्वारा मोटरसाइकिल रोककर मारपीट की गई तथा एक मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल फोन एवं 5,000 रुपये नकद लूट लिए गए थे।
घटना की सूचना पर थाना गंधवानी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की पतारसी एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु निर्देश दिए गए।
इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंधवानी निरीक्षक प्रदीप खन्ना के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी भुरु उर्फ भेरला पिता रकसिंह वास्केल, जाति भील, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम बोरडाबरा थाना गंधवानी जिला धार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस द्वारा आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है तथा क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी को माननीय न्यायालय मनावर में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप खन्ना, उप निरीक्षक विनय परमार, उप निरीक्षक सूरजसिंह परमार, आरक्षक विक्रम, वीरेंद्र, दिलीप, सियाराम, हतरसिंह एवं माधु का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
