रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
झकनावदा नगर स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा झकनावदा में नवीन शाखा प्रबंधक के रूप में गुलाब सिंह निनामा ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही बैंक स्टाफ एवं कर्मचारियों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर शाखा के कर्मचारी हरिराम पडियार, रामकृष्ण सोलंकी, रतनलाल सिंदड़ा एवं घनश्याम कनालची सहित अन्य कर्मचारियों ने नए प्रबंधक को शुभकामनाएं देते हुए बैंक की कार्यप्रणाली एवं क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
शाखा प्रबंधक गुलाब सिंह निनामा ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राहकों को बेहतर एवं सरल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बैंक में आने वाले प्रत्येक ग्राहक को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए टीम भावना से कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान बैंक स्टाफ में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में शाखा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
