अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल के थाना कोहेफिजा पुलिस ने नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को MBBS डॉक्टर बताता है। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 280 नकली नोट, जिनकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सैफुल इस्लाम पिता अनवर उल इस्लाम (25) हाल निवासी अरेरा कॉलोनी शाहपुरा भोपाल तथा मूल निवासी वीरभूम, पश्चिम बंगाल है। आरोपी को सेफिया कॉलेज ग्राउंड के पास संदिग्ध हालत में पकड़ा गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक कम दाम में 500 रुपये के नोट बेचने की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को बैग सहित हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान बैग से चार अलग-अलग सीरीज के नकली नोट, एक आईफोन और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पहचान छुपाने के लिए APPLE आईफोन में UK +44 सीरीज का अंतरराष्ट्रीय नंबर इस्तेमाल कर व्हाट्सएप कॉलिंग करता था, ताकि कॉल ट्रैकिंग और रिकॉर्डिंग से बच सके।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2024 से भोपाल आना-जाना कर रहा था और शादी के बाद से यहीं रह रहा था। उसने कोई स्थायी काम न होने के बावजूद खर्चीली जीवनशैली अपनाई हुई थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर भोपाल सहित अन्य बाजारों में चलाता था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके मोबाइल फोन में संदिग्ध लेन-देन और कुछ संदिग्ध ट्रांजैक्शन भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े नकली नोट गिरोह या सिंडीकेट से जुड़ा हो सकता है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका किसी विशेष विचारधारा या संगठित नेटवर्क से संबंध तो नहीं है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शुक्ला, उपनिरीक्षक संजीव धाकड़, उपनिरीक्षक आरती धुर्वे सहित कोहेफिजा थाना और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
