अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्जापुर (यूपी), NIT:

पश्चिम बंगाल और असम के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक भाजपा समर्थक जश्न में डूबे नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे जनता के विश्वास की जीत बताया है।
मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र में भी इस जीत का खासा असर देखने को मिला। बुधवार सुबह से ही क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। जीत की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता सड़कों पर उतर आए और खुशी का इजहार किया।
कार्यकर्ताओं ने डीजे और गाजे-बाजे के साथ विजय जुलूस निकाला। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में भाजपा के झंडे लहराते नजर आए, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
स्थानीय नेताओं ने कहा कि यह जीत पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पार्टी इसी तरह जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।

