अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर में स्थित विक्रमशिला पुल के पाया संख्या 133 का एक स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया, जिससे पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। घटना बीती रात लगभग 12:30 बजे की बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना अध्यक्ष और उनकी टीम मौके पर पहुंची और तत्काल पुल पर मौजूद सभी वाहनों को सुरक्षित वापस हटाया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, जिला पदाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुल को पूरी तरह खाली कराकर सील कर दिया गया।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यातायात को डायवर्ट कर दिया है। अब नवगछिया की ओर जाने वाले वाहनों को सुल्तानगंज होते हुए मुंगेर पुल के रास्ते भेजा जा रहा है। इस वैकल्पिक मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर लोगों को तुरंत पीछे हटने का निर्देश दिया गया और वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, इसी दौरान पुल का स्लैब टूट गया।
उन्होंने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को सूचित किया गया और अतिरिक्त बल बुलाकर पूरे क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। फिलहाल पुल को सील कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

