आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

“योग महोत्सव 2026” के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से 50 दिन पूर्व जिले में जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला जेल परिसर में एक विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 600 से अधिक बंदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के निर्देश एवं जिला जेल अधिकारी ज्ञानांशु भारतीय के अनुमोदन से किया गया। इस दौरान बंदियों को 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व से अवगत कराया गया।
योग प्रशिक्षक डॉ. पवन नेमा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और मन संतुलित रहता है।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के योग नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र मरावी, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि नेमा (एमएस, प्रसूति एवं स्त्री रोग), सहायक योग नोडल अधिकारी डॉ. अंकुश साहू, डॉ. कनिका खरपुसे, डॉ. नीतू चौधरी, डॉ. रेणु सूर्यवंशी सहित जिला जेल प्रबंधन की सक्रिय सहभागिता रही।
अंत में सभी बंदियों को नियमित रूप से योग अपनाने का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की कुंजी है, जिसे हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
