मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जनपद मुख्यालय अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला धाधरा की वर्षों से जर्जर और बदहाल पड़ी स्कूल भवन की तस्वीर अब पूरी तरह बदल गई है। पहले जहां स्कूल की छत जगह-जगह से टपकती थी और खासकर बारिश के दिनों में विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब मरम्मत और सौंदर्यीकरण के बाद स्कूल आकर्षक और सुरक्षित नजर आ रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी रश्मि चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत चटवा के सरपंच राजेश सल्लाम, सचिव श्रीमती प्रीति और रोजगार सहायक ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए स्कूल के कायाकल्प का कार्य कराया।

स्कूल में मरम्मत कार्य के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी किया गया, जिससे अब विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और पढ़ाई का माहौल भी सुधरा है। इस बदलाव से शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही काफी खुश हैं और उन्होंने संबंधित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कायाकल्प के बाद अब स्कूल में न केवल सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हुआ है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए भी बेहतर माहौल तैयार हुआ है।

