मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

ऑनलाइन गेम की लत ने एक युवक को ऐसा अपराधी बना दिया कि उसने अपने ही घर में चोरी कर ली और पकड़े जाने के डर से लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मामला थाना निगोही क्षेत्र के ऊनकला गांव का है, जहां अमित नामक युवक ने गेम में लाखों रुपये हारने के बाद यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, अमित ऑनलाइन गेम्स जैसे Ruspay, MPEL और MT Game का आदी था। अप्रैल माह में ही वह MT Game में करीब 1.83 लाख रुपये हार गया था और अब तक कुल लगभग 5 लाख रुपये गंवा चुका था। पैसों की भरपाई के लिए उसने अपने ही घर से सोना-चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
घटना को छिपाने के लिए अमित ने 28 अप्रैल को डायल-112 पर सूचना दी कि चार हथियारबंद बदमाशों ने उसके घर में लूट की है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर SOG, सर्विलांस व साइबर सेल तथा थाना निगोही पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान युवक की कहानी संदिग्ध लगी, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में अमित ने स्वीकार किया कि उसने ही घर में चोरी की और जेवरों को औने-पौने दाम पर कस्बे के एक सुनार को बेच दिया। पुलिस के अनुसार, वह अब तक करीब 4.89 लाख रुपये के जेवर बेच चुका था।
घटना वाले दिन उसके माता-पिता शादी में गए हुए थे और गांव में डीजे कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे उसने घर का ताला तोड़कर बक्से से जेवर निकाले और उन्हें भूसे में छिपा दिया। बाद में रात 2 बजे झूठी लूट की सूचना पुलिस को दे दी।
जांच में सामने आया कि अमित की सुनार रामकुमार गुप्ता से मिलीभगत थी, जो उससे चोरी के जेवर खरीदता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 100 ग्राम सोना (हार, चेन, पेंडिल, अंगूठियां, कुंडल, मंगलसूत्र) और लगभग 2.6 किलोग्राम चांदी (पायल, बिछुआ, गुलशन पट्टी आदि) बरामद की है।
इस मामले में थाना निगोही में मु0अ0सं0 199/2026 के तहत धारा 305/331(4) BNS में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

