मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (म.प्र.), NIT:

अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ नई बस्ती में प्रशासन की तत्परता से एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशबू कोल (15 वर्ष), पिता स्वर्गीय सोनू कोल, के बाल विवाह की सूचना थाना ताला को मिली थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार अनिल कुमार पटेल, राजस्व निरीक्षक उमाकांत मिश्रा को अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बालिका की दादी मुन्नी कोल (75 वर्ष) को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों के बारे में समझाइश दी।
अधिकारियों की समझाइश के बाद परिवार ने विवाह स्थगित करने पर सहमति जताई, जिससे बाल विवाह को समय रहते रोक लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा की तत्परता सराहनीय रही।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि इस सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

