अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा से पूर्व मथुरा में आयोजित भव्य रक्तदान शिविर ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस शिविर में रक्तदान का आंकड़ा 8000 यूनिट के पार पहुंच गया, जो शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है।” उन्होंने सभी विप्र बंधुओं से 3 मई को निकलने वाली भगवान परशुराम शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान भी किया।

राष्ट्रीय महासचिव बंसीलाल शर्मा ने रक्तदाताओं को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी और उन्हें सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
महिला जिला अध्यक्ष भावना शर्मा ने बताया कि यह शिविर लाइफ केयर चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया। वहीं, शिविर के संयोजक एवं ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि समिति द्वारा मथुरा में रक्तदान का आंकड़ा 8000 पार करना एक बड़ी उपलब्धि है।
लाइफ केयर ब्लड बैंक के निदेशक बृजेश शर्मा ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की अपेक्षा जताई। अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष छाया गौतम ने कहा कि शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर रमाकांत गोस्वामी, श्याम शर्मा, के.के. शर्मा, अभिषेक सैनी, कृष्ण गोपाल अग्रवाल, ममता शर्मा, गुंजन शर्मा सहित कई लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

