संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बम्होरी में एक युवक की धारदार हथियार से गोदकर निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनिल दहायत के रूप में हुई है, जिसका शव बुधवार 29 अप्रैल को कककरन तलैया के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि अनिल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीछे उसकी दो मासूम बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
मृतक के पिता बैजू दहायत ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उनके अनुसार, अनिल मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन ग्रामीणों से सूचना मिली कि उसका शव तलैया के पास पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। हत्या के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

