त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी के नेतृत्व एवं पूर्व मंत्री हर्ष यादव के मार्गदर्शन में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गेहूं खरीदी में देरी, भुगतान में विलंब और उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि खरीदी प्रक्रिया को तेज किया जाए और केंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके।
इसके अलावा क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट, खराब हैंडपंपों और जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस ने खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत और योजनाओं की जांच की मांग की।
किसानों ने अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर भी आक्रोश जताया और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही फसल बीमा योजना में गड़बड़ी, नर्वाई जलाने के मामलों में कार्रवाई पर रोक, तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में नगरपालिका की कार्यप्रणाली, अधूरे जलाशय एवं नहर निर्माण कार्य, तथा आदिवासी एवं दलित वर्ग को पट्टों पर कब्जा दिलाने जैसे मुद्दे भी शामिल रहे।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वावा राजौरिया सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों किसान मौजूद रहे। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।

