इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

भुसावल के नेशनल हाईवे क्रमांक 53 पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भुसावल तहसील स्थित आलीशान वॉटर पार्क के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुस्लिम कॉलोनी निवासी अल्तमश शेख और ग्रीन पार्क क्षेत्र के राजा पिंजारी अपनी बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए हाईवे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुक्ताईनगर निवासी रोशन शाह, जो दूसरी बाइक से भुसावल की ओर आ रहे थे, उनकी बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय नागरिकों की तत्परता से घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे बेहतर इलाज के लिए गोल्डन ओवर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। तीनों की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि भुसावल सहित पूरे जलगांव जिले में नेशनल हाईवे 53 पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना इन हादसों का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त यातायात नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
