शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

लोक निर्माण विभाग (PWD) गोरखपुर में ई-ऑफिस लॉगिन न होने की तकनीकी समस्या के लते विभाग के कई लिपिकों और अवर अभियंताओं का मार्च माह का वेतन अब तक जारी नहीं हो सका है। वेतन भुगतान में हो रही देरी से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई कर्मचारी बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें स्कूल प्रशासन की प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। वहीं, दवाइयों और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए भी उन्हें जूझना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर प्रभावित कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव और महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल से शिकायत की। कर्मचारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संगठन ने तुरंत संज्ञान लिया।
अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव ने महामंत्री के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी गोरखपुर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अवगत कराते हुए रुके हुए वेतन के शीघ्र भुगतान की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का वेतन उनकी आजीविका का मुख्य आधार होता है और इसमें देरी से पूरे परिवार पर प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे में प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए और तकनीकी बाधाओं को दूर कर सभी कर्मचारियों का वेतन जल्द जारी करना चाहिए।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आगे की रणनीति तय करने को मजबूर होगा। वहीं, कर्मचारियों ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द राहत देने की अपील की है।
