मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
मैहर जिले में शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन तथा अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने एक अभिनव पहल शुरू की है।
इस पहल के तहत वे विकासखंडवार विभिन्न विभागों के मैदानी कर्मचारियों से सीधे “वन-टू-वन” चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही वास्तविक कठिनाइयों को समझेंगी और उनका समाधान करेंगी।
कलेक्टर द्वारा शुरू किए गए इस ‘सभा संवाद’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, आशा, उषा, सेक्टर सुपरवाइजर, पटवारी, राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार तथा पंचायत सचिव सहित ग्रामीण विकास से जुड़े सभी मैदानी अमले को शामिल किया गया है।
चरणबद्ध तरीके से सभी विकासखंडों में यह समीक्षा एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस श्रृंखला की शुरुआत 23 अप्रैल को मैहर विकासखंड से की गई।
प्रथम चरण के अंतर्गत मैहर विकासखंड का सभा संवाद कार्यक्रम प्रातः 11:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय, मैहर में आयोजित किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, आशा और उषा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
इसके उपरांत, दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, ब्लॉक समन्वयक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा की गई।
अपराह्न में कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों ने एकलव्य आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया।
अपराह्न 2:00 बजे से 3:00 बजे तक राजस्व विभाग के पटवारियों के साथ चर्चा की गई। इसके बाद 3:00 बजे से 4:00 बजे तक पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के बीपीओ, एपीओ, बीसी, पीसीओ, एडीओ, एई, एसए, सचिव और रोजगार सहायकों के साथ योजनाओं की समीक्षा की गई।
सायं 4:00 बजे से 5:00 बजे तक आजीविका मिशन एवं यूआरएलएन के बीएम, एबीएम, संकुल संगठन और ग्राम संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
अंत में, सायं 5:00 बजे से 6:00 बजे तक जन अभियान परिषद के बीसी, नवांकुर संस्थान, मेंटर्स एवं प्रस्फुटन समिति के अध्यक्षों और सचिवों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इसके बाद अगले चरण में इसी प्रकार के संवाद कार्यक्रम अमरपाटन और रामनगर विकासखंड मुख्यालयों में भी आयोजित किए जाएंगे।
