ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

अनूपपुर जिला के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोला में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-43 (NH-43) पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना लगभग दोपहर 1:40 बजे की है। युवक नगर परिषद डोला के पास सड़क किनारे पैदल जा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन (संभावित ट्रक) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
टक्कर मारकर चालक फरार
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर युवक का लहूलुहान शव देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
पुलिस पहुंची, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान नहीं, जांच जारी
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और हाईवे पर लगे CCTV कैमरों व चश्मदीदों के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

