रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सिविल अस्पताल थांदला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल स्टाफ से परिचय प्राप्त किया तथा चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वर्तमान में अस्पताल में 7 चिकित्सकों के कार्यरत होने की जानकारी दी गई।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पीआईसीयू का अवलोकन किया, जहां वेंटिलेटर की कमी से अवगत कराया गया। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही सिकल सेल एनीमिया की जांच हेतु सिकलिंग टेस्ट की सुविधा सिविल अस्पताल में उपलब्ध होने एवं एचएसबीसी टेस्ट जिला अस्पताल में कराए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने सिविल अस्पताल स्तर पर ही एचएसबीसी टेस्ट प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं को देखकर संतुष्ट हुए। उन्होंने ओपीडी पंजीयन प्रक्रिया को आभा आईडी आधारित बनाकर डिजिटाइज करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित सेवाएं प्रदान की जा सकें।
अस्पताल में एनेस्थेटिक विशेषज्ञ की अनुपलब्धता के कारण सर्जरी सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी पर कलेक्टर ने आवश्यक व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार की सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों एवं स्टाफ को निर्देशित किया कि वे सेवा भाव एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा मरीजों की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रखें।
इस दौरान सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला भास्कर गाचले एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहे।

