जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

ऐशबाग (बाग फरत अफ़ज़ा) क्षेत्र में आयोजित पुलिस-पब्लिक जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में काजी आसिफ उद्दीन, पत्रकार जमशेद आलम, मोहम्मद जहूर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। एडिशनल कमिश्नर अजय बाजपेई, थाना प्रभारी व ऐशबाग थाना स्टाफ भी मौजूद रहा।
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने संगठित अपराध, स्थानीय समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए। पत्रकार जमशेद आलम ने कब्रिस्तान क्षेत्र में शव यात्रा के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि चौराहे पर पुलिस बल की अनुपस्थिति से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
कमिश्नर संजय कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए उपस्थित लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की शपथ दिलाई।
उन्होंने बताया कि भोपाल जिले में प्रतिवर्ष लगभग 250 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु होती है, जबकि करीब 800 लोग घायल होते हैं। इसके मुकाबले हत्या के मामलों की संख्या लगभग 40 है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग कर कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि, संगठित अपराध या समस्या की जानकारी बिना डर के दें। साइबर शिकायतों के लिए जारी क्यूआर/बारकोड का उपयोग करें तथा आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें।
यह जनसंवाद कार्यक्रम भोपाल पुलिस की जनसहभागिता आधारित पहल का हिस्सा है, जिसके तहत अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे जनता की समस्याएं सुन रहे हैं।

